Wednesday, 25 March 2026
Swaraj Express
person
मध्य प्रदेश Guna

गुना में केदारनाथ धाम खोलने की मांग तेज, तीन साल से बंद हैं दर्शन

गुना जिले की महोदरा पंचायत स्थित केदारनाथ धाम को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की मांग को लेकर नागरिकों और साधु-संतों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। तीन साल से मंदिर में दर्शन बंद हैं।

गुना जिले की महोदरा पंचायत स्थित केदारनाथ धाम को श्रद्धालुओं के लिए खोलने की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मंदिर में जल्द दर्शन-पूजन शुरू कराने की मांग रखी।

सुरक्षा कारणों से लगी थी रोक
जानकारी के अनुसार पहाड़ी की एक चट्टान खिसकने और उसमें दरार आने की आशंका के चलते प्रशासन ने करीब तीन वर्ष पहले केदारनाथ धाम में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश और पूजा-अर्चना पर रोक लगा दी थी। तब से मंदिर में नियमित दर्शन बंद हैं, जिससे क्षेत्र में असंतोष देखा जा रहा है।

वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मंदिर तक सुरक्षित वैकल्पिक रास्ता तैयार कराने, वन विभाग से मंदिर परिसर की जमीन मुक्त कराने तथा पुजारी को नियमित पूजा-अर्चना की अनुमति देने की मांग की। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए धार्मिक गतिविधियां पुनः शुरू कराई जानी चाहिए।

आस्था का प्रमुख केंद्र बताया
ज्ञापन में केदारनाथ धाम को क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया गया है। श्रद्धालुओं का मानना है कि यह प्राचीन देवस्थल महाभारत कालीन परंपराओं से जुड़ा हुआ है और यहां बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते रहे हैं। आसपास के लोग यहां स्थित कुंड में अस्थि विसर्जन भी करते हैं।

प्रशासन से शीघ्र निर्णय की अपेक्षा
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से मंदिर बंद रहने से धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द तकनीकी और सुरक्षा समीक्षा कर समाधान निकालने तथा केदारनाथ धाम को श्रद्धालुओं के लिए पुनः खोलने की मांग की है।

Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply