Wednesday, 25 March 2026
Swaraj Express
person
ऑटो

पानीपत से मूसेवाला तक… आरोन में गैंग्स का खतरनाक गठजोड़

मध्य प्रदेश के गुना जिले के आरोन क्षेत्र में इन दिनों गैंगवॉर का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इलाके में पानीपत गैंग, X2 गैंग और मूसेवाला गैंग जैसी आपराधिक गैंग्स के सक्रिय होने से लोगों में डर का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये गैंग खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस को चुनौती दे रहे हैं।

मूसेवाला गैंग का आतंक, गरीबों को बना रहे निशाना

सूत्रों के मुताबिक मूसेवाला गैंग के सदस्य विशेष रूप से गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को निशाना बना रहे हैं। मारपीट, धमकी और डराने-धमकाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
इस गैंग से जुड़े जिन नामों की चर्चा हो रही है, उनमें राज शर्मा, अन्नू शर्मा, कपिल लोधी, सौरभ लोधी और भूरा लोधी शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप

आरोन पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि जब भी कोई पीड़ित गैंग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचता है, तो उसे टालमटोल कर वापस भेज दिया जाता है।
इतना ही नहीं, कुछ मामलों में पुलिस द्वारा गैंग के सदस्यों को पहले ही सूचना दे देने के आरोप भी सामने आए हैं, जिससे आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।

थाना प्रभारी पर उठे सवाल

आरोन थाना प्रभारी इंचार्ज पंकज कुशवाह की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

गैंग्स के बीच कनेक्शन की चर्चा

बताया जा रहा है कि पानीपत गैंग के संपर्क में आने के बाद X2 गैंग और एक नई गैंग ‘मूसेवाला’ का नेटवर्क मजबूत हुआ है। इन गैंग्स के आपसी तालमेल ने क्षेत्र में अपराध की घटनाओं को और बढ़ा दिया है।

लोगों की मांग – सख्त कार्रवाई हो

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इन गैंग्स के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply