रिपोर्ट: मनोहर प्रजापति गुना | 29 अप्रैल, 2026 मध्य प्रदेश के गुना शहर से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जिस "दोस्ती" के रिश्ते की मिसाल दी जाती थी, उसी भरोसे की आड़ में एक दरिंदे ने दो मासूम बहनों का जीवन नरक बना दिया। सिटी कोतवाली क्षेत्र की भार्गव कॉलोनी में पिता के 'जिगरी दोस्त' ने न केवल नाबालिग भतीजी के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया। सोमवार देर रात पीड़िता की हिम्मत और चाइल्ड हेल्पलाइन की सतर्कता से इस घिनौने खेल का पर्दाफाश हुआ।
विश्वास की आड़ में दरिंदगी की शुरुआत
आरोपी फिरोज (पिता सलीम खान) का पीड़िता के घर पुराना आना-जाना था। पीड़िता के पिता उसे अपना भाई समान मित्र मानते थे, लेकिन फिरोज की नजरें अपनी ही भतीजी समान बच्चियों पर गंदी थीं। इस हैवानियत की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब दोनों परिवार कोटा (राजस्थान) घूमने गए थे। वापसी के दौरान कार में अकेलेपन का फायदा उठाकर फिरोज ने मासूम के साथ छेड़छाड़ की। डर और लोक-लाज के कारण बच्ची उस समय चुप रह गई, लेकिन यह चुप्पी आरोपी के लिए हौसला बन गई।
वीडियो बनाकर शुरू किया ब्लैकमेलिंग का नरक
घर लौटने के बाद आरोपी की दरिंदगी और बढ़ गई। उसने चुपके से नाबालिग बच्ची का नहाते हुए आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसी वीडियो के दम पर वह मासूम को लगातार धमकाने लगा। वह अक्सर घर आकर वीडियो वायरल करने की धमकी देता और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। महीनों तक दोनों मासूम बहनें इस खौफ के साये में जीती रहीं कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो समाज में उनकी बदनामी होगी।
आधी रात को रेस्क्यू: पुलिस भी रह गई दंग
सोमवार देर रात जब जुल्म की इंतिहा हो गई, तो बड़ी बहन ने साहस दिखाते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन पर फोन किया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम रात के सन्नाटे में भार्गव कॉलोनी पहुँची और दोनों बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। महिला पुलिस अधिकारियों के सामने जब बच्चियों ने अपनी दास्तां सुनाई, तो सुनने वालों की रूह कांप गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रात करीब 2 बजे आरोपी फिरोज के घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी कार्रवाई: पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी फिरोज खान के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), छेड़छाड़ और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
-
धाराएं: बीएनएस (BNS) की धारा 74, 77, 351 (2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7 व 8।
-
साक्ष्य: पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है, जिसमें मौजूद आपत्तिजनक सामग्री की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
-
वर्तमान स्थिति: पीड़िता को काउंसलिंग के लिए 'वन स्टॉप सेंटर' भेजा गया है, जहाँ उसकी मानसिक और भावनात्मक मदद की जा रही है।
थाना प्रभारी का बयान
"चाइल्ड हेल्पलाइन से सूचना मिलते ही नाबालिग को रिकवर किया गया था। महिला उपनिरीक्षक द्वारा दर्ज बयानों के आधार पर आरोपी फिरोज खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की गहनता से जांच जारी है।"
— थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली
Comments
Leave a Reply