Mp news: आरोन क्षेत्र के ग्राम सालय में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर सिविल अस्पताल आरोन पहुंचे और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एन. भिलवारे को एक लिखित पंचनामा सौंपा। पंचनामा में उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर्मचारी पर मरीजों और ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उप स्वास्थ्य केंद्र में आम लोगों को समय पर और समुचित उपचार नहीं मिल रहा है। आरोप है कि वहां तैनात कर्मचारी का व्यवहार ठीक नहीं है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार मौखिक शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें सामूहिक रूप से पंचनामा सौंपने के लिए मजबूर होना पड़ा।
इस पूरे मामले पर जब सिविल अस्पताल आरोन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एन. भिलवारे से बातचीत की गई तो उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि कुछ ग्रामीणों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें जांच के साथ-साथ त्वरित और सख्त कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि उप स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें और भविष्य में इस तरह की शिकायतें सामने न आएं। फिलहाल पूरे मामले की जांच होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments
Leave a Reply