Tuesday, 21 April 2026
Swaraj Express
person
मध्य प्रदेश guna

गुना में सनसनीखेज वारदात: बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर लाखों की लूट, बेरहमी से मारपीट

मध्यप्रदेश के गुना जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक और बड़ी वारदात सामने आई है। मृगवास थाना क्षेत्र के बकन्या गांव में रविवार देर रात 5 अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नगदी और गहनों की लूट की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान दंपत्ति के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।


कट्टे की नोक पर बंधक बनाकर की मारपीट

पीड़ित वेंकट वैरागी के अनुसार, देर रात पांच बदमाश घर में घुस आए और उन्हें व उनकी पत्नी को कट्टे की नोक पर बंधक बना लिया। आरोपियों ने नगदी और गहनों की जानकारी लेने के लिए दोनों के साथ जमकर मारपीट की। बदमाशों ने इतनी बेरहमी दिखाई कि दंपत्ति के दांत तक टूट गए और उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।


लाखों की लूट के बाद बांधकर फरार

जब बदमाशों को नगदी और गहने मिल गए, तो उन्होंने दंपत्ति के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए और मौके से फरार हो गए। किसी तरह खुद को छुड़ाकर दंपत्ति ने पड़ोसियों को बुलाया, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।


इलाके में दहशत, बढ़ते अपराध पर उठे सवाल

घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और चोरी-लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना गहरी होती जा रही है।


SP ने संभाला मोर्चा, जांच टीम गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए गुना की एसपी हितिका वासल मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच के लिए 2 डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


दंपत्ति की हालत गंभीर

मारपीट में बुजुर्ग दंपत्ति को गंभीर चोटें आई हैं। दांत टूटने और अंदरूनी चोटों के कारण उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।


(रिपोर्ट: मनोहर प्रजापति, गुना)

 
 
Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply