Saturday, 14 November 2026
Swaraj Express
person
मध्य प्रदेश Bhopal

स्पेशल डीजी अनिल कुमार का संकल्प, बंधुआ बने ‘मंदबुद्धियों’ को मुक्त कराएगी पुलिस

ऑपरेशन मुक्ति: जब इंसानियत की आड़ में असहायों का होने लगा शोषण

“परोपकाराय..फलन्ति..वृक्षाः,.परोपकाराय..वहन्ति..नद्यः।
परोपकाराय दुहन्ति गावः, परोपकारार्थमिदं शरीरम्॥”

अर्थात् वृक्ष दूसरों के हित के लिए फल देते हैं, और नदियां परोपकार के लिए बहती हैं तो मनुष्य का शरीर भी परोपकार के लिए ही सार्थक है। लेकिन जब मनुष्य की संवेदनाएं मर जाती हैं, तब वही समाज अपने बीच ऐसे लोगों को जन्म देता है, जो असहायों की सहायता करने के बजाय उनकी विवशता को अपने स्वार्थ की सीढ़ी बना लेते हैं। जी हां स्वराज एक्सप्रेस अगर प्रशासन और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, तो उनके द्वारा समाजहित में किए जा रहे अच्छे कामों की सराहना करने से भी पीछे नहीं हटता।

इससे पहले भी स्वराज एक्सप्रेस ने रीवा आईजी गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे कोरेक्स मुक्त रीवा...अभियान को थथोला था.. वह रीवा, जो पिछले दो दशकों से कोरेक्स रूपी जहर की गिरफ्त में समा रहा था। जहां सैकड़ों युवा कोरेक्स पीकर काल कालवित हो गये..और न जाने कितने इसके नशे के आदी होकर मौत के मुहाने मे हैं.. एक ऐसी भयावह स्थिति, जिसमें नशा केवल व्यक्ति के शरीर को नहीं, बल्कि परिवारों की खुशियों और समाज के भविष्य को भी निगल रहा था। ऐसे में गौरव राजपूत ने इसके खिलाफ अभियान छेड़ा और उसे सफल बनाने के लिए व्यक्तिगत तौर पर रुचि ली। पुलिस की कार्रवाई से इतर उन्होंने अपने व्यक्तिगत संबंधों का भी उपयोग किया। नतीजा यह हुआ कि रीवा कोरेक्स जैसी महामारी की गिरफ्त से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ने लगा। ।

कहने का आशय यह कि जब कोई अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को केवल सरकारी आदेशों के पालन तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उसे सामाजिक दायित्व के रूप में स्वीकार करता है, तब बदलाव की संभावनाएं मजबूत होने लगती हैं।..खैर, अब कुछ ऐसा ही नेक काम करने की रूपरेखा स्पेशल डीजी अनिल कुमार ने तैयार की है। जी हां, अनिल कुमार प्रदेशभर में ऐसा अभियान छेड़ने जा रहे हैं, जिसकी आवश्यकता को समझकर आप भी सोचने पर विवश हो जाएंगे कि आखिर हमारा समाज किस दिशा में जा रहा है। आपरेशन का नाम है आपरेशन मुक्ति... प्रदेश में एक ऐसा घृणित कृत्य हो रहा है, जिसमें लोग मंदबुद्धि व्यक्तियों को अपने घर में पनाह देते हैं और फिर उनसे दिन-रात मजदूरी करवाते हैं। बदले में उन्हे मिलती हैं महज दो जून की रोटियां। पहनने के लिए पुराने कपड़े और सोने के लिए दलान में एक कंबल तथा एक दरी। वाह रे दुनिया! इंसानियत के नाम पर यह कैसा व्यवहार, जहां किसी असहाय को सहारा देने के नाम पर उसकी विवशता का ही शोषण किया जा रहा है।

दरअसल, ये वे लोग हैं जिन्हें आम बोलचाल में मंदबुद्धि या आधा-पागल कह दिया जाता है। इनमें से कुछ स्मृतिलोप अथवा याददाश्त कमजोर होने के कारण अपने घर का रास्ता भटक जाते हैं, तो कुछ को उनके अपने ही परित्यक्त कर देते हैं। ऐसे असहाय लोग अपने परिवार और परिचितों से बिछड़कर दूसरे शहरों में पहुंच जाते हैं। वहां कुछ लोग उन्हें आश्रय देने के नाम पर अपने घर में रख लेते हैं और फिर शुरु होता है उनका शोषण.. यानी जिस व्यक्ति को संरक्षण, उपचार, सम्मान और देखभाल की जरूरत है, उसे ही सस्ते श्रम का साधन बना लिया जाता है। यहां गोस्वामी तुलसीदास जी की यह चौपाई याद आती है—कि “परहित सरिस धरम नहि भाई।
पर पीड़ा सम नहि अधमाई॥”अर्थात् दूसरों का हित करने के समान कोई धर्म नहीं और दूसरों को पीड़ा देने के समान कोई अधर्म नहीं। लेकिन विडंबना देखिए कि जिन लोगों को समाज का सहारा मिलना चाहिए, उन्हीं की असहायता को कुछ लोग अपने फायदे का जरिया बना लेते हैं। यह केवल कानून और व्यवस्था का प्रश्न नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक चेतना और मानवीय संवेदनाओं की भी परीक्षा है।

हुआ यह कि स्पेशल डी जी अनिल कुमार को गुना जिले से इस तरह का एक मामला संज्ञान मे आया.. जिस पर उन्होने इसे महज एक प्रकरण न मानते हुए इसकी ब्यापकता पर विचार किया। उन्हें लगा कि जब ऐसी घटना गुना में सामने आ सकती है, तो प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में भी इस तरह के मामले मौजूद हो सकते हैं, जो अब तक सामने नहीं आए हैं।...नतीजतन, उन्होंने इस दिशा में ठोस पहल करने का संकल्प लिया। इसके लिए प्रदेश के हर पुलिस स्टेशन को निर्देशित करने की रूपरेखा तैयार की गई, ताकि ऐसे मामलों पर नजर रखी जा सके। जहां भी इस तरह के प्रकरण सामने आएं, उनकी पहचान कर संबंधित असहाय व्यक्ति को नजदीकी सेल्टर होम में पहुंचाया जाए और उसका शोषण करने वाले परिवार अथवा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें कानून के अनुसार सजा दिलाने की कार्रवाई की जाए।

इसके अतिरिक्त, यदि वह असहाय व्यक्ति अपने घर का पता बताने की स्थिति में हो, तो उसे उसके वास्तविक ठिकाने तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाए, ताकि वह अपने परिजनों से मिल सके और उसे उचित देखभाल मिल सके।...इतिहास गवाह है कि सभ्यताओं की महानता का आकलन केवल उनके महलों, सेनाओं और आर्थिक समृद्धि से नहीं होता, बल्कि इस बात से भी होता है कि वे अपने सबसे कमजोर लोगों के साथ कैसा व्यवहार करती हैं। सम्राट अशोक के कल्याणकारी शासन की चर्चा भी इसलिए होती है कि शासन को प्रजा के हित और उसके कल्याण से जोड़ने का प्रयास किया गया था।

बहरहाल, स्पेशल डीजी अनिल कुमार की इस पहल का वास्तविक महत्व तभी सिद्ध होगा, जब यह योजना कागजों से निकलकर जमीन पर प्रभावी कार्रवाई में तब्दील हो। पुलिस थानों की सक्रियता, स्थानीय स्तर पर निगरानी, सामाजिक संस्थाओं का सहयोग और पीड़ितों के पुनर्वास की व्यवस्था इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक होंगे।

क्योंकि किसी असहाय को आश्रय देना पुण्य है, लेकिन आश्रय की आड़ में उससे दिन-रात मजदूरी करवाना शोषण। किसी भूखे को रोटी देना मानवता है, लेकिन रोटी के बदले उसकी पूरी जिंदगी को बंधुआ बना लेना अमानवीयता। समाज को यह फर्क समझना होगा।

आखिरकार, किसी सभ्य समाज की पहचान इस बात से नहीं होती कि उसके शक्तिशाली लोग कितने सुरक्षित हैं, बल्कि इससे होती है कि उसके सबसे असहाय लोग कितने सुरक्षित हैं। और यदि अनिल कुमार की यह पहल प्रदेश में ऐसे पीड़ितों को शोषण से मुक्ति दिलाने में सफल होती है, तो यह पुलिस प्रशासन की एक ऐसी सामाजिक पहल होगी, जिसकी सराहना की जानी चाहिए।....अन्त मे स्वराज एक्सप्रेस का ऐसे संवेदनशील अधिकारियों को सल्यूट.....

Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply